राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, न्यायिक पदाधिकारियों की बैठक में दिए गए अहम निर्देश
- Post By Admin on Apr 07 2026
लखीसराय : आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जिला स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में न्यायिक पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें लोक अदालत की सफलता को लेकर व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने की, जबकि इसका संचालन न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), लखीसराय के नेतृत्व में किया गया। बैठक में उपस्थित सभी न्यायिक पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अधिक से अधिक शमनीय मामलों की पहचान करें और संबंधित वादों में शीघ्र नोटिस निर्गत सुनिश्चित करें, ताकि लोक अदालत में मामलों का निष्पादन प्रभावी ढंग से किया जा सके।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने जानकारी दी कि नोटिस वितरण के लिए पीएलवी (पारा लीगल वॉलंटियर्स) की नियुक्ति कर दी गई है, जो संबंधित पक्षकारों तक सूचना पहुंचाने का कार्य करेंगे। इससे लोक अदालत में अधिकाधिक मामलों की भागीदारी सुनिश्चित होने की उम्मीद जताई गई।
बैठक में न्यायिक दंडाधिकारी, सब जज, एसीजेएम सहित विभिन्न न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रमुख रूप से न्यायिक पदाधिकारी सोनू कुमार, कुमारी ज्योत्सना, आशीष अग्निहोत्री, रणजीत कुमार, सुमन चंद्रा, कुंदन कुमार, शाम्भवी शंकर, हिमांशु भार्गव, अनुज कुमार एवं श्रीनिवास शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान यह भी जोर दिया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम जनता को त्वरित और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने का एक प्रभावी माध्यम है। ऐसे में सभी संबंधित पदाधिकारी पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन संभव हो सके।
जिला प्रशासन और न्यायिक तंत्र की सक्रियता को देखते हुए यह उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में बड़ी संख्या में मामलों का निपटारा कर आम लोगों को राहत प्रदान की जाएगी।