जनगणना की तैयारी शुरू, मोबाइल ऐप और डेटा प्रबंधन पर अधिकारियों को प्रशिक्षण
- Post By Admin on Mar 11 2026
लखीसराय : भारत की जनगणना 2027 को लेकर जिले में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। समापन सत्र की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी मिथिलेश मिश्र ने की।
प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मियों को आधुनिक तकनीक, मोबाइल ऐप तथा डेटा प्रबंधन से संबंधित आवश्यक जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था। प्रशिक्षण के दौरान सिद्धांत और डेमो के माध्यम से जनगणना में उपयोग होने वाले मोबाइल ऐप और उसकी प्रमुख विशेषताओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
सत्र के दौरान एचएलओ प्रश्नावली के प्रश्न संख्या 1 से 34 तक को भरने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही एचएलओ पर्यवेक्षक ऐप के माध्यम से डेटा सत्यापन की प्रक्रिया में पर्यवेक्षक की भूमिका को स्पष्ट किया गया। प्रशिक्षण में डेटा नैतिकता, गोपनीयता और डेटा सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिभागियों को मोबाइल और वेब ऐप से जुड़ी संभावित तकनीकी समस्याओं के समाधान, ऐप के सुरक्षित उपयोग तथा डेटा सुरक्षा के लिए अपनाए जाने वाले जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। इसके अलावा फील्ड स्तर पर आने वाली चुनौतियों, प्रतिवादियों से संवाद स्थापित करने और प्रगणकों के आचरण से संबंधित आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
प्रशिक्षण के दौरान सीएमएमएस डैशबोर्ड के माध्यम से डेटा गुणवत्ता की निगरानी और पर्यवेक्षण की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई। जिला एवं चार्ज अधिकारियों को वेब पोर्टल और मोबाइल ऐप के माध्यम से डेटा प्रबंधन एवं निगरानी के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। साथ ही डीसीएचबी प्रक्रिया (भाग–1) पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया गया।
समापन अवसर पर जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने सभी प्रतिभागियों को जनगणना कार्य को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारभूत प्रक्रिया है और इसके आंकड़े नीतिगत निर्णय लेने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राम विनोद प्रसाद यादव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।