समृद्धि यात्रा की तैयारी तेज, डीएम ने कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड का किया निरीक्षण
- Post By Admin on Mar 16 2026
लखीसराय : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित ‘समृद्धि यात्रा’ के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र के निर्देशन में सूर्यगढ़ा प्रखंड के कजरा पावर प्लांट परिसर का निरीक्षण किया गया और कार्यक्रम से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल, सभा स्थल, हेलीपैड, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस मौके पर उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि सरकार द्वारा संचालित प्रमुख विकास योजनाओं और उपलब्धियों को आकर्षक एवं प्रभावी तरीके से प्रदर्शित किया जाए। इसके लिए लगाए जाने वाले स्टॉल, प्रदर्शनी सामग्री और योजनाओं से संबंधित सूचना पट्टों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस और मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों की लगातार निगरानी की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति का आकलन किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, स्थापना उप समाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी, भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता कुणाल कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक नीरज कुमार, एनईपी निदेशक नीरज आनंद सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।