बाउंस ऑफ जॉय खेल प्रतियोगिता में क्रिकेट और फुटबॉल का जलवा, खिलाड़ियों ने दिखाया दम

  • Post By Admin on Mar 16 2026
बाउंस ऑफ जॉय खेल प्रतियोगिता में क्रिकेट और फुटबॉल का जलवा, खिलाड़ियों ने दिखाया दम

मुजफ्फरपुर : आईटीसी और सशक्त फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 14 से 16 मार्च तक ‘बाउंस ऑफ जॉय’ कार्यक्रम के तहत हाउसिंग बोर्ड मैदान में क्रिकेट और फुटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। तीन दिवसीय खेल आयोजन में विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया।

फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में इंदिरा गांधी महिला फुटबॉल क्लब की टीम ने किंग कोबरा फुटबॉल क्लब (ए) को शून्य के मुकाबले एक गोल से हराकर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मैच का उद्घाटन सशक्त फाउंडेशन के निदेशक प्रभात कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को खेल से जोड़ना बेहद जरूरी है। आज के समय में युवा इंडोर गतिविधियों की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं, ऐसे में उन्हें खेल के मैदान से जोड़ना उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है।

कार्यक्रम में तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद वंशीधर ब्रजवासी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि जीवन में अनुशासन और प्रतिबद्धता भी लाता है।

क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में भी रोमांचक खेल देखने को मिला। पहले फाइनल में बड़ा जगन्नाथ की टीम ने भगवानपुर की टीम को एक विकेट से हराकर जीत दर्ज की। वहीं दूसरे फाइनल में दामोदरपुर की टीम ने मेजबान हाउसिंग कॉलोनी की टीम को 14 रनों से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

इस दौरान अतिथि राजेश कुमार ने भी खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में भानु, ऋतिक, रूपक, हामिद, सचिन, अमन, साहिल, सुमित, नील रतन और विवेक सहित कई खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।

आयोजकों ने बताया कि पिछले दो वर्षों से आईटीसी और सशक्त फाउंडेशन द्वारा ‘बाउंस ऑफ जॉय’ कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत 75 सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में खेल के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल सामग्री का वितरण और प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही 75 सामुदायिक स्थलों को चिन्हित कर वहां भी बच्चों और महिलाओं को खेल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यक्रम प्रबंधक शालिनी रंजन, उपप्रबंधक अमित चौधरी, कोच रोहित कुमार, शाहनवाज आलम, विवेक कुमार, अविनाश गुप्ता, अंकित प्रकाश, अंशुमान जसवाल, मनिराज, निखिल राज, दीपक राणा और अमर्त्य कुमार की भूमिका सराहनीय रही।