समृद्धि यात्रा की तैयारियां तेज, डीएम ने कजरा पावर प्लांट परिसर का किया निरीक्षण
- Post By Admin on Mar 14 2026
लखीसराय : प्रस्तावित मुख्यमंत्री समृद्धि यात्रा के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र के निर्देशन में प्रखंड सूर्यगढ़ा अंतर्गत कजरा पावर प्लांट परिसर का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक स्तर पर की जा रही तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल, सभा स्थल, हेलीपैड, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा तथा आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा जिले में चल रहे विकास कार्यों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों को आकर्षक एवं प्रभावी तरीके से प्रदर्शित करने की व्यवस्था की जाए। इसके तहत विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉल, प्रदर्शनी सामग्री तथा योजनाओं से संबंधित सूचना पट्टों की तैयारी की भी समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस और मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को भी सतर्क रहने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों की लगातार निगरानी की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर समय-समय पर समीक्षा बैठक कर प्रगति का आकलन किया जाएगा।
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, स्थापना उप समाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता पम्मी रानी, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल कुणाल कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण नीरज कुमार, निदेशक एनईपी नीरज आनंद, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।