पंचायत चुनाव 2026 की तैयारी तेज, प्रपत्र-1 के समयबद्ध प्रकाशन के निर्देश
- Post By Admin on Apr 21 2026
लखीसराय : पंचायत आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर राज्य निर्वाचन आयुक्त, बिहार की अध्यक्षता में मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर ग्राम पंचायतों की जनसंख्या के प्रकाशन हेतु प्रपत्र-1 की तैयारी और प्रकाशन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रपत्र-1 का प्रकाशन निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से किया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। बैठक में प्रपत्र-1 के प्रकाशन, आपत्तियों की प्राप्ति, उनके निष्पादन और अंतिम प्रकाशन की समय-सारिणी पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन समय पर अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकें। साथ ही सभी आपत्तियों का निपटान नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से करने पर जोर दिया गया।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी प्रखंडों में प्रपत्र-1 से संबंधित आंकड़ों की प्रविष्टि डिजिटल माध्यम से सुनिश्चित की जाए और किसी भी तकनीकी समस्या का त्वरित समाधान किया जाए। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा पंचायत चुनाव से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं जैसे प्रशिक्षण कार्यक्रम, बीएसडब्ल्यूएएन के माध्यम से समन्वय और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
अंत में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करें, ताकि पंचायत आम निर्वाचन 2026 का सफल और निष्पक्ष आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में लखीसराय से जिला पदाधिकारी श्री नीरज कुमार, अपर समाहर्ता श्री शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुश्री पम्मी रानी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।