आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण मेला, संतुलित आहार पर दिया गया विशेष बल
- Post By Admin on Apr 21 2026
लखीसराय : पोषण पखवाड़ा (9–23 अप्रैल 2026) के तहत प्रखंड हलसी की धीरा पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-13, सामुदायिक भवन धोघसा (वार्ड संख्या-12) में पोषण मेला सह अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना पदाधिकारी कुमारी मुक्ता ने की।
कार्यक्रम में शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया तथा माताओं और अभिभावकों को संतुलित आहार और उचित पोषण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अपने संबोधन में कुमारी मुक्ता ने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए सही पोषण अत्यंत जरूरी है। उन्होंने माताओं को सलाह दी कि जन्म के बाद शिशु को छह माह तक केवल माँ का दूध दें और इसके बाद ऊपरी आहार की शुरुआत करें।
इस दौरान उपस्थित महिलाओं और अभिभावकों को बच्चों को मोबाइल और टीवी स्क्रीन से दूर रखने, नमक और चीनी का सीमित उपयोग करने तथा जंक फूड से परहेज करने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही किशोरियों और महिलाओं को एचपीवी (HPV) संक्रमण से बचाव और इसके प्रति सजग रहने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में महिला पर्यवेक्षिका नीतू कुमारी, आंगनबाड़ी सेविकाएं पूनम कुमारी, राखी कुमारी, रेखा कुमारी, अर्चना कुमारी, जीविका दीदियों और वार्ड सदस्य विभा देवी की सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने मिलकर पोषण संबंधी संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
अंत में उपस्थित लोगों को अपने परिवार में स्वस्थ आदतें अपनाने और बच्चों के समुचित पोषण पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि कुपोषण मुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।