ईमानदारी और तत्परता की मिसाल, सड़क पर मिले दस्तावेज सही हाथों तक पहुंचे
- Post By Admin on Apr 21 2026
लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण केंद्र और विश्व बंधु मानव कल्याण सेवा संस्थान, नोंगगढ़ के संयुक्त प्रयास से एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। सहायक प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की लिखित परीक्षा के दौरान एक महिला अभ्यर्थी का प्रवेश पत्र, प्रश्न पत्र और आधार कार्ड तेतरहट मुख्य मार्ग पर खो गया था।
ये महत्वपूर्ण दस्तावेज संस्थान की सचिव गौरम्मा सिन्हा को सड़क पर मिले। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए इसकी सूचना जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) सह नोडल पदाधिकारी श्रीमती बंदना पाण्डेय को दी। इसके बाद महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक श्री प्रशांत कुमार ने आधार कार्ड में दर्ज पते के आधार पर अभ्यर्थी तक पहुंचने की पहल की।
समन्वित प्रयास के तहत नगर परिषद, लखीसराय के वार्ड संख्या 25 की आंगनबाड़ी सेविका और वार्ड पार्षद को सूचित किया गया। इस पहल का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि अभ्यर्थी की माता श्रीमती मालती देवी एवं पति बैजू साव महिला सशक्तिकरण केंद्र कार्यालय पहुंचे और अपने सभी दस्तावेज सुरक्षित प्राप्त कर खुशी जताई।
इस दौरान महिला सशक्तिकरण केंद्र द्वारा उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि वे भविष्य में इनका लाभ उठा सकें। इस पूरे कार्य में लैंगिक विशेषज्ञ सुश्री किस्मत कुमारी की भी अहम भूमिका रही।
जिला प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह घटना प्रशासन और समाज के बीच बेहतर समन्वय, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिससे आमजन का विश्वास मजबूत होता है।