जनगणना 2027 की तैयारी शुरू, लखीसराय में मकान सूचीकरण पर प्रशिक्षण कार्यक्रम
- Post By Admin on Mar 09 2026
लखीसराय : भारत की आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी मिथिलेश मिश्र ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना 2027 के पहले चरण के अंतर्गत होने वाले मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को प्रभावी, पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक जानकारी तथा तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करना था। इस दौरान जनगणना कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस मौके पर जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक और सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर सरकार विभिन्न योजनाओं और नीतियों का निर्माण करती है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी को गंभीरता से आत्मसात करें और आगामी जनगणना कार्य को पूरी जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ पूरा करें।
प्रशिक्षण सत्र में अधिकारियों को मकान सूचीकरण, मकानों की गणना, आवश्यक प्रपत्रों के उपयोग, डेटा संकलन की प्रक्रिया तथा डिजिटल माध्यमों के इस्तेमाल से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सीएमएमएस पोर्टल और एचएलबीसी वेब एप्लिकेशन सहित अन्य डिजिटल टूल्स के माध्यम से जनगणना कार्यों के संचालन की भी जानकारी दी गई।
प्रशिक्षक राधेश्याम जी ने बताया कि इस बार जनगणना की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का व्यापक उपयोग किया जाएगा। इसके लिए कर्मियों को हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे तकनीकी प्रणाली को अच्छी तरह समझ सकें और क्षेत्र में कार्य के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता-सह-जिला जनगणना पदाधिकारी नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राम विनोद प्रसाद यादव, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, चार्ज अधिकारी और अन्य संबंधित सरकारी कर्मी उपस्थित थे।