सेना प्रमुख के नाम पर डीपफेक वीडियो वायरल, पीआईबी ने बताया फर्जी

  • Post By Admin on Mar 09 2026
सेना प्रमुख के नाम पर डीपफेक वीडियो वायरल, पीआईबी ने बताया फर्जी

नई दिल्ली : मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदनाम करने की कथित साजिश का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर भारतीय सेना प्रमुख के नाम से एक एआई जनित डीपफेक वीडियो वायरल कर यह दावा किया जा रहा था कि भारत ने ईरानी नौसेना के एक युद्धपोत की गोपनीय लोकेशन इजरायल के साथ साझा की थी।

इस दावे का खुलासा करते हुए प्रेस सूचना ब्यूरो की फैक्ट-चेक इकाई PIB Fact Check ने इसे पूरी तरह झूठा और भ्रामक बताया है। जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक से तैयार किया गया डीपफेक है, जिसमें भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की आवाज और नाम का दुरुपयोग किया गया है।

फैक्ट-चेक में यह स्पष्ट हुआ कि जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। वायरल क्लिप दरअसल उनके रायसीना डायलॉग में दिए गए भाषण के वीडियो फुटेज से छेड़छाड़ कर तैयार की गई थी।

सरकारी सूत्रों के अनुसार यह भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा एक संगठित दुष्प्रचार अभियान है, जिसमें पाकिस्तान से जुड़े कुछ प्रोपेगेंडा अकाउंट्स की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को कड़े निर्देश दिए हैं कि ऐसे फर्जी और छेड़छाड़ किए गए वीडियो के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। साथ ही नियमों के अनुसार एआई से बनाए गए कंटेंट पर स्पष्ट रूप से यह उल्लेख करना अनिवार्य है कि वह जनरेटेड है, ताकि आम लोगों को भ्रमित होने से बचाया जा सके।

सरकार ने मीडिया संस्थानों और आम नागरिकों से भी अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी संवेदनशील वीडियो या दावे को बिना आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोत से पुष्टि किए साझा न करें।