नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर, सशक्तिकरण का लिया संकल्प
- Post By Admin on Apr 13 2026
लखीसराय : शहर के संसार पोखर स्थित महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण और राजनीति में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को लेकर व्यापक चर्चा हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने इसे उत्साहपूर्ण और प्रभावशाली बना दिया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह मौजूद रहे। उनके साथ कई पदाधिकारी और महिला मोर्चा की कार्यकर्ता भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि नारी शक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति है और महिलाओं के सशक्तिकरण, सम्मान तथा आत्मनिर्भरता के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं, जो सशक्त भारत की पहचान है।
जिला मंत्री शोभा रानी ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि महिलाओं को नेतृत्व के अवसर देकर उन्हें मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया जा रहा है।
नगर उपाध्यक्ष किरण कुशवाहा ने कहा कि महिलाओं को राजनीति में 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद में भी महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान लागू किया जाएगा, जिससे उनकी भागीदारी और मजबूत होगी।
महिला मोर्चा की जिला मंत्री सारिका बंका ने कहा कि नारी शक्ति वंदन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकार और सम्मान के प्रति जागरूकता फैलाने का अभियान है। उन्होंने महिला मोर्चा द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए महिलाओं को संगठित होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी महिला कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया तथा प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।