लखीसराय में फॉर्मर रजिस्ट्री को तेज करने की तैयारी, 9 मार्च से 12 दिन का विशेष अभियान

  • Post By Admin on Mar 06 2026
लखीसराय में फॉर्मर रजिस्ट्री को तेज करने की तैयारी, 9 मार्च से 12 दिन का विशेष अभियान

लखीसराय: जिले में फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य को गति देने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य की वर्तमान स्थिति का आकलन किया गया और इसकी प्रगति को तेज करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान अब तक किए गए फॉर्मर रजिस्ट्री कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही किसान पहचान पत्र (फॉर्मर आईडी) निर्माण के दौरान आ रही तकनीकी और प्रक्रियागत समस्याओं पर भी चर्चा की गई। विभिन्न अंचलों के नोडल पदाधिकारियों ने जमीनी स्तर पर सामने आ रही चुनौतियों से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया, जिस पर जिला पदाधिकारी ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि फॉर्मर रजिस्ट्री सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से किसानों की सटीक पहचान सुनिश्चित की जा रही है। इससे भविष्य में विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ सीधे पात्र किसानों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। बैठक में निर्णय लिया गया कि 9 मार्च 2026 से अगले 12 दिनों तक विशेष कार्य योजना बनाकर फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान को तेज किया जाएगा। इस दौरान सभी अंचलों और पंचायतों में लक्ष्य निर्धारित कर अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने विशेष रूप से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के उन लाभार्थियों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया, जिनका अभी तक फॉर्मर आईडी नहीं बना है। इसके अलावा जिन किसानों की जमाबंदी कायम है, उन्हें भी प्राथमिकता देते हुए शीघ्र पंजीकरण कराने को कहा गया।उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों और नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित कर किसानों को जागरूक किया जाए, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर अधिकतम प्रगति सुनिश्चित हो सके। बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने इस कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने पर जोर दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार, सभी अंचलाधिकारी तथा पंचायत स्तर के नोडल पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।