लखीसराय: जिले के लिए आज का दिन गौरव और प्रेरणा का क्षण बन गया, जब यहां कार्यरत दो महिला पदाधिकारियों ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन की ओर से सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया।

लखीसराय में अवर निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में कार्यरत सुश्री स्मृति आनंद ने UPSC परीक्षा में अखिल भारतीय रैंक 368 प्राप्त की है। वहीं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी सुश्री रुचि सिंह ने अखिल भारतीय रैंक 171 हासिल कर शानदार सफलता दर्ज की है। इन दोनों अधिकारियों की उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का विषय बताया जा रहा है। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने दोनों सफल अधिकारियों को पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि UPSC जैसी कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना अत्यंत सराहनीय उपलब्धि है। स्मृति आनंद और रुचि सिंह ने अपने परिश्रम, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर यह सफलता हासिल कर जिले की बेटियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। जिला पदाधिकारी ने कहा कि यह उपलब्धि महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आज महिलाएं प्रशासन, शिक्षा, विज्ञान, खेल और अन्य कई क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। स्मृति आनंद और रुचि सिंह की सफलता जिले की छात्राओं और युवतियों को बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने भी दोनों पदाधिकारियों की मेहनत, लगन और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस सफलता से जिले के युवाओं में प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के प्रति सकारात्मक माहौल बनेगा और अधिक से अधिक युवा इन परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित होंगे।

जिला प्रशासन की ओर से दोनों सफल अधिकारियों को पुनः हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी गईं। प्रशासन ने आशा जताई कि वे भविष्य में देश और समाज की सेवा करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।