नन्हे रोजेदार की इबादत से गूंजा इलाका, तपती गर्मी में रखा रोजा, मांगी अमन-चैन की दुआ
- Post By Admin on Mar 06 2026
मुजफ्फरपुर: पवित्र माह-ए-रमजान के दौरान जिले में आस्था और इबादत की खूबसूरत मिसाल देखने को मिल रही है। बोचहां प्रखंड के लोहसरी पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 6 भगवानपुर घोंचा नासी टोला निवासी अहमद हुसैन के छह वर्षीय पुत्र मोहम्मद अरशद ने छोटी उम्र में रोजा रखकर सबको प्रेरित किया है।
शुक्रवार को नन्हे रोजेदार मोहम्मद अरशद ने पूरे दिन रोजा रखकर देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के साथ-साथ अपने माता-पिता की सेहत, लंबी उम्र और बेहतर रोज़ी-रोटी के लिए दुआ मांगी। इतनी कम उम्र में रोजा रखने को लेकर इलाके के लोग भी इस नन्हे बच्चे की लगन और आस्था की सराहना कर रहे हैं। मोहम्मद अरशद ने बताया कि उनकी अम्मी रिफयत फिरदौस ने उन्हें रमजान के रोजों की अहमियत समझाई। उन्होंने बताया कि जब कोई नन्हा रोजेदार इस पवित्र महीने में रोजा रखता है तो समुद्र की मछलियां भी उसके लिए दुआ करती हैं और अल्लाह तआला उसकी इबादत और दुआओं को कबूल करते हैं।
इसी प्रेरणा से मोहम्मद अरशद ने तपती गर्मी के बावजूद रोजा रखकर अल्लाह की इबादत की और देश-दुनिया में शांति, अपने माता-पिता की खुशहाली तथा अपनी सेहत और बेहतर तालीम के लिए दुआएं मांगी। इलाके के लोगों का कहना है कि इतनी छोटी उम्र में अरशद की आस्था और अनुशासन बच्चों और बड़ों दोनों के लिए प्रेरणादायक है। रमजान के पाक महीने में नन्हे रोजेदार की यह इबादत पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।