वैद्य हर गोविंद मिश्र रंजन की स्मृति में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

  • Post By Admin on Mar 16 2026
वैद्य हर गोविंद मिश्र रंजन की स्मृति में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

लखीसराय : जिले के चानन प्रखंड अंतर्गत इटौन पंचायत के मननपुर क्षेत्र में रविवार को स्वर्गीय हर गोविंद मिश्र ‘रंजन’ की पुण्य स्मृति में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण भारती के तत्वावधान में एक आम और चार जामुन के फलदार पौधे लगाए गए। पौधारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी शक्ति कुमार महतो ने किया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के सच्चे हितैषी होते हैं। पेड़ स्वयं धूप और गर्मी सहते हुए भी अपनी छाया में बैठने वाले लोगों को शीतलता प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में प्राचीन काल से ही प्रकृति और वृक्षों की पूजा की परंपरा रही है। पीपल, तुलसी और वट-वृक्ष जैसे पेड़ों की धार्मिक आस्था के साथ पूजा की जाती है, जो प्रकृति के प्रति भारतीय संस्कृति के सम्मान को दर्शाता है।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए कहा कि प्रकृति की रक्षा ही मानव जीवन की सुरक्षा की गारंटी है। उन्होंने मत्स्य पुराण के एक श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा कि दस कुओं के बराबर एक बावड़ी, दस बावड़ियों के बराबर एक तालाब, दस तालाबों के बराबर एक पुत्र और दस पुत्रों के बराबर एक वृक्ष होता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम दस पेड़ अवश्य लगाने चाहिए और उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित करनी चाहिए।

इस मौके पर स्वर्गीय वैद्य हर गोविंद मिश्र ‘रंजन’ के पोते रमेश चंद्र मिश्र सुमन ने बताया कि उनके दादा समाजसेवी और प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य थे। उन्होंने अपनी जमीन दान कर माँ सरस्वती का मंदिर बनवाया था। इसके अलावा माँ काली और मननपुर स्थित प्रसिद्ध माँ दुर्गा मंदिर के निर्माण में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

उन्होंने बताया कि वर्ष 1940 में रोगियों के इलाज के लिए इटौन गांव में “अमरकोट आयुर्वेद भवन” की स्थापना की गई थी, जिसका संचालन वर्तमान में उनके पोते वैद्य चंचल कुमार मिश्र द्वारा किया जा रहा है।

कार्यक्रम में रणजीत कुमार महतो, शक्ति कुमार महतो, प्रिया कुमारी, ज्योति कुमारी, संध्या कुमारी, संजना कुमारी, राज नंदिनी कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, निवास चंद्र मिश्र, भूषण चंद्र मिश्र, सोनू मिश्र, रितेश कुमार मिश्र, सुनील, गौरव राज, प्रयांशु, अक्षय, आयूष, आनंद, अर्जुन, सत्यम, देव, संदीप, प्रिंस, सुमित, राजेन्द्र सहित कई लोगों ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने कहा कि जंगलों की अंधाधुंध कटाई के कारण पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है, जिसका असर जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक के रूप में भी देखने को मिल रहा है। ऐसे में वृक्षारोपण ही पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी उपाय है।