राज्यसभा वोटिंग के बीच अनंत सिंह का बड़ा बयान, चुनावी राजनीति से लेंगे संन्यास
- Post By Admin on Mar 16 2026
पटना : बिहार की राजनीति में लंबे समय से दबदबा रखने वाले मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि मौजूदा कार्यकाल के बाद वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे और सक्रिय चुनावी राजनीति से दूरी बना लेंगे।
सोमवार को बिहार विधानसभा में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए मतदान के दौरान मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार ही अब विधानसभा की राजनीति में नहीं रहेंगे और राज्यसभा जा रहे हैं, तो उनके लिए भी विधायक बने रहने का कोई अर्थ नहीं रह जाता।
अनंत सिंह ने कहा कि वह पहले से ही यह तय कर चुके थे कि अगर नीतीश कुमार विधानसभा की राजनीति छोड़ते हैं, तो वह भी आगे चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार वह विधायक जरूर बने हैं, लेकिन यह उनका अंतिम चुनाव है।
मोकामा विधायक ने आगे कहा कि अब वह राजनीति की जिम्मेदारी अपने परिवार को सौंपेंगे। उनके अनुसार आगामी विधानसभा चुनाव में उनका बेटा मैदान में उतरेगा और जनता की सेवा करेगा। उन्होंने कहा, “यह मेरा आखिरी शपथ ग्रहण था। अब मेरे बच्चे राजनीति में आगे बढ़ेंगे।”
इस दौरान अनंत सिंह ने अपने जेल से बाहर आने को लेकर भी दावा किया। उन्होंने कहा कि समर्थकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है और उन्हें पूरा भरोसा है कि एक महीने के भीतर वह जेल से बाहर आ जाएंगे। उन्होंने कहा कि थोड़ा इंतजार कीजिए, जल्द ही सब साफ हो जाएगा और वह फिर से अपने समर्थकों के बीच होंगे।
जब उनसे नीतीश कुमार के बाद बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इसका फैसला खुद नीतीश कुमार ही करेंगे। इस विषय पर उन्होंने अधिक टिप्पणी करने से परहेज किया।
वहीं तेजस्वी यादव और नीतीश कुमार में बेहतर नेता को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह नाराज हो गए और इसे गैरजरूरी सवाल बताते हुए जवाब देने से इनकार कर दिया।
गौरतलब है कि मोकामा क्षेत्र में अनंत सिंह का लंबे समय से मजबूत राजनीतिक प्रभाव रहा है। ऐसे में उनके चुनाव नहीं लड़ने के फैसले के बाद अब सबकी नजर इस बात पर है कि अगली बार उनके बेटे को जनता कितना समर्थन देती है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस फैसले से बिहार की राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं।