लखीसराय (वीरेंद्र विजय सिंह) : भगवान श्रीकृष्ण के जन्मदिन के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न फलदार वृक्षों, औषधीय पौधों और फूलों के पौधों का रोपण किया गया। यह अभियान 2008 से ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. वीणा सिंह ने औषधीय महत्व के आँवला वृक्ष का रोपण किया और वृक्ष वन्दना और आरती की। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में कर्म करने की शिक्षा दी है और फल की चिंता न करने का संदेश दिया है। इस अवसर पर डॉक्टर शालिनी सिंह ने भी श्रीकृष्ण के जन्म और उनके जीवन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे महान देवता के जन्मदिवस पर पौधारोपण एक स्मरणीय कार्य है।
पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने श्रीकृष्ण के जीवन और उनके द्वारा स्थापित आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म मथुरा के कारागार में हुआ था, जहां से उन्हें वसुदेव जी ने वृन्दावन पहुंचाया था। उन्होंने श्रीकृष्ण के जीवन की विभिन्न घटनाओं को याद किया और बताया कि वे धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने वाले महानायक थे।
इस अभियान में डॉ. वीणा सिंह, डॉ. शालिनी सिंह, राम बिलास शाण्डिल्य, रानी हेम्ब्रम, सोनी कुमारी, पवन कुमार, और राजेश कुमार सहित कई अन्य सदस्यों ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।




















