शहीद दिवस पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण, भगत सिंह को दी श्रद्धांजलि
- Post By Admin on Mar 23 2026
लखीसराय : शहीद दिवस और अमर शहीद सरदार भगत सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को सूर्यगढ़ा प्रखंड के लोसघानी पंचायत अंतर्गत शिवनगर स्थित मध्य विद्यालय परिसर में पर्यावरण भारती के तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी नवीन निराला ने किया।
इस अवसर पर पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक तथा अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि आज विश्व गंभीर संकटों से घिरा हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कई देशों के पास बड़ी संख्या में परमाणु हथियार मौजूद हैं, जो मानवता के लिए बड़ा खतरा हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि रूस, अमेरिका, चीन, फ्रांस, ब्रिटेन, भारत, पाकिस्तान, इजराइल और उत्तर कोरिया जैसे देशों के पास परमाणु हथियार हैं। यदि भविष्य में तृतीय विश्व युद्ध हुआ तो मानव सभ्यता के अस्तित्व पर गंभीर संकट आ सकता है।
उन्होंने कहा कि आज तेजी से कंक्रीट के जंगल बन रहे हैं और प्राकृतिक जंगलों की अंधाधुंध कटाई हो रही है, जिससे ग्लोबल वार्मिंग का खतरा बढ़ता जा रहा है। इससे बचाव के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने घरों के आसपास कम से कम 10 पेड़ अवश्य लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण ही सबसे प्रभावी उपाय है।
राम बिलास शाण्डिल्य ने शहीद दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 23 मार्च 1931 को ब्रिटिश सरकार ने लाहौर की सेंट्रल जेल में सरदार भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को फांसी दे दी थी। उन्होंने कहा कि इन महान क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों की पुण्यतिथि पर पौधारोपण करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
पौधारोपण कार्यक्रम में नवीन निराला, शैलेन्द्र प्रसाद महतो, सुधीर कुमार, मनोज कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य, कृष्ण मुरारी प्रसाद, हिमालय, नवीन रवि, विनोद प्रसाद, नीरज नयन और गोपाल कुमार सहित अन्य लोगों ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।