रोहुआ में शहीद दिवस पर पदयात्रा और स्वच्छता अभियान, युवाओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प

  • Post By Admin on Mar 23 2026
रोहुआ में शहीद दिवस पर पदयात्रा और स्वच्छता अभियान, युवाओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प

मुजफ्फरपुर: शहीद दिवस के अवसर पर मुजफ्फरपुर जिले के रोहुआ स्थित श्री विश्राम सिंह (एसवीएस) 10+2 हाई स्कूल परिसर में मेरा युवा भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में पदयात्रा एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए युवाओं में देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को जागृत करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और युवा मंडल के सदस्यों ने शहीदों को नमन करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में रोहुआ पंचायत के मुखिया अभय कुमार सिंह, सरपंच राजेश सिंह, पंचायत समिति सदस्य अनिल कुमार गुप्ता तथा वरिष्ठ शिक्षक मोहम्मद सलाउद्दीन अहमद मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में शहीदों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिसर से पदयात्रा निकाली गई, जो विद्यालय से प्रारंभ होकर प्रखंड परिसर तक पहुंची और पुनः विद्यालय लौटकर समाप्त हुई। पदयात्रा के माध्यम से युवाओं और स्थानीय लोगों को देशभक्ति एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन उदय कुमार ने किया। इस दौरान मेरा युवा भारत के युवा स्वयंसेवक राजा और धर्मेंद्र भी उपस्थित रहे। साथ ही स्थानीय युवा मंडल के सदस्य, विद्यालय के छात्र-छात्राएं और शिक्षक बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें युवाओं, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही और पूरे वातावरण में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।