तेज रफ्तार एसयूवी की टक्कर से दंपती की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
- Post By Admin on Mar 23 2026
बेगूसराय : जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना श्रीनगर-मोहनपुर गांव के पास हुई, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
मृतकों की पहचान श्रीनगर गांव वार्ड-10 निवासी 60 वर्षीय नथुनी यादव और उनकी 52 वर्षीय पत्नी इंदु देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों रोज की तरह सोमवार सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार महिंद्रा XUV700 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में शामिल वाहन का नंबर BR01HS6374 बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, यह वाहन लखीसराय की एसपी प्रेरणा कुमार से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय वाहन का चालक दो बॉडीगार्ड को लेकर जा रहा था।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक और दोनों बॉडीगार्ड को पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एयरबैग तक खुल गए।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों शवों को सड़क पर रखकर जाम कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने के बाद साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बलिया डीएसपी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।
थाना अध्यक्ष सिंटू कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वाहन के मालिक, चालक सहित अन्य पहलुओं की गहराई से पड़ताल की जा रही है।