गाजियाबाद: भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे सुसाइड केस में फरार चल रहे सिंगर समर सिंह को पकड़ लिया गया है. समर सिंह को गाजियाबाद में हिरासत में लिया गया है. समर सिंह के साथ उसका भाई भी आत्महत्या मामले में आरोपी है. उसके खिलाफ पुलिस की तरफ से नोटिस जारी किया गया था. वाराणसी पुलिस ने 12वें दिन गाजियाबाद के नंदग्राम क्षेत्र से समर सिंह को पकड़ा है. आरोपी समर सिंह और उसके भाई के विदेश भागने की आशंका जताई जा रही थी. 

आपको बता दें कि भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे वाराणसी के होटल के कमरे में मृत पाई गई. आकांक्षा दुबे अपनी फिल्म 'लायक हूं मैं नालायक नहीं' की शूटिंग के लिए गई थी. लेकिन 26 मार्च 2023 को आकांक्षा दुबे ने होटल के कमरे में सुसाइड कर लिया. सुसाइड से कुछ समय पहले वह लाइव भी आई थी. आकांक्षा दुबे की मां ने समर सिंह पर बेटी के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रह कर धोखा देने का आरोप लगाया है. आकांक्षा की मां ने कहा कि समर सिंह और आकांक्षा तीन साल से साथ रह रहे थे. साथ ही आकांक्षा की मां ने कहा की उसकी बेटी की हत्या हुई है. वह सुसाइड नहीं कर सकती है. कहा जा रहा है कि आरोपी समर सिंह और संजय सिंह के खिलाफ NBW जारी हुआ था. उसके खिलाफ कुर्की की तैयारी चल रही थी. वहीं वाराणसी पुलिस ने समर सिंह को गाजियाबाद में पकड़ लिया. कागजी कार्रवाई के बाद वाराणसी पुलिस समर सिंह को गाजियाबाद से वाराणसी ले जाएगी. पुलिस वाराणसी में समर सिंह से पूछताछ करेगी.