गेम बना जानलेवा : तीन नाबालिग बहनों ने 9वीं मंजिल से लगाई छलांग, तीनों की मौत
- Post By Admin on Feb 04 2026
गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तीन नाबालिग सगी बहनों ने एक साथ 9वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना में तीनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। मामला गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसाइटी का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक बहनों की पहचान निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12) के रूप में हुई है। तीनों अपने परिवार के साथ भारत सिटी सोसाइटी के बी-1 टावर स्थित फ्लैट नंबर 907 में रहती थीं। बताया जा रहा है कि घटना रात करीब दो बजे की है, जब तीनों ने एक साथ इमारत से छलांग लगा दी।
परिजनों के अनुसार, तीनों बहनों को मोबाइल गेम खेलने की लत थी और वे एक साथ टास्क बेस्ड ऑनलाइन गेम खेला करती थीं। उनकी दिनचर्या भी लगभग समान थी, जिसमें नहाना, खाना, पढ़ाई और सोना तक शामिल था। हालांकि, अभी तक आत्महत्या के पीछे की ठोस वजह सामने नहीं आ सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और परिजनों से पूछताछ के साथ-साथ मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल गतिविधियों की भी जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।