डीएमई पर कांवड़ियों के लिए सुरक्षित कॉरिडोर, भारी और व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

  • Post By Admin on Aug 07 2026
डीएमई पर कांवड़ियों के लिए सुरक्षित कॉरिडोर, भारी और व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

गाजियाबाद : सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और उनकी सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। इसके तहत एक्सप्रेसवे की एक मुख्य लेन को पूरी तरह कांवड़ियों की आवाजाही के लिए आरक्षित कर दिया गया है।

प्रशासन के अनुसार मेरठ-गाजियाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाली लेन का एक हिस्सा केवल कांवड़ यात्रियों के उपयोग के लिए सुरक्षित किया गया है। इस लेन में आम वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा निर्बाध और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके। कांवड़ यात्रा मार्ग की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गाजियाबाद और मेरठ पुलिस द्वारा जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों की मदद से भी पूरे मार्ग पर नजर रखी जा रही है।

प्रशासन ने शिवरात्रि तक कांवड़ यात्रा के प्रमुख दिनों में भारी और मध्यम श्रेणी के व्यावसायिक वाहनों के एक्सप्रेसवे पर प्रवेश पर रोक लगा दी है। शुक्रवार सुबह आठ बजे से ऐसे वाहन केवल डासना तक ही दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का उपयोग कर सकेंगे। इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग-9 के जरिए हापुड़ मार्ग से मेरठ की ओर भेजा जाएगा। हालांकि दिल्ली से मेरठ की ओर जाने वाले हल्के निजी वाहनों को एक्सप्रेसवे के उपयोग की अनुमति रहेगी। वहीं मेरठ से दिल्ली की ओर आने वाले निजी वाहन आरक्षित लेन का उपयोग नहीं कर सकेंगे।

पुलिस और प्रशासन ने वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें और ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें। अधिकारियों का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।