सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन, नारी शक्ति योजनाओं पर विशेष चर्चा

  • Post By Admin on Sep 05 2024
सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन, नारी शक्ति योजनाओं पर विशेष चर्चा

लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वावधान में हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ विमेन योजना के तहत 100-दिन विशेष जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत जिला परिषद सभागार में सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने की। इस दौरान उड़ान परियोजना के जिला समन्वयक आरीफ हुसैन भी मौजूद रहे। 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के तहत जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने जानकारी दी कि संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ विमेन योजना के 100-दिन विशेष जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है। इसके साथ ही, किशोरियों और महिलाओं को उनके हक, अधिकार और कानूनी जानकारी प्रदान करना भी इस कार्यक्रम का अहम हिस्सा है। 

वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी ने कार्यक्रम में महिलाओं और किशोरियों को हिंसा के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि उन्हें किसी भी तरह की हिंसा से डरने की जरूरत नहीं है। मदद के लिए वन स्टॉप सेंटर या 181 हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है, जहां से तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इस कार्यक्रम में सभी प्रखंड नाजीर, पंचायत सचिव, लेखापाल सह आईटी सहायक, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ, लैंगिक विशेषज्ञ, लेखा सहायक, केस वर्कर और परामर्शी भी मौजूद थे। सभी ने मिलकर नारी सशक्तिकरण की दिशा में जागरूकता फैलाने और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करने के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। 

कार्यक्रम के सफल आयोजन ने महिलाओं और किशोरियों को सशक्त बनाने के लिए जिले में एक सकारात्मक माहौल तैयार किया है।