राष्ट्रीय लोक मोर्चा की जिला स्तरीय बैठक में संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर चर्चा
- Post By Admin on Sep 06 2024
.jpg)
लखीसराय : शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित नया बाजार लाली पहाड़ी के निकट कुशवाहा मार्केट के सभागार में राष्ट्रीय लोक मोर्चा की जिला स्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के जिला अध्यक्ष विनोद कुमार कुशवाहा ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन विस्तार और जिले में चल रहे सदस्यता अभियान की समीक्षा करना था।
बैठक के प्रारंभ में पार्टी द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को राज्यसभा भेजे जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार प्रकट किया गया। इसके बाद प्रदेश महासचिव देवन मुखिया, जयप्रकाश सिन्हा, राजकुमार कुशवाहा और रामाश्रय महतो की उपस्थिति में संगठन के विस्तार और सदस्यता अभियान पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जिले के सभी बूथों पर 10 कार्यकर्ताओं पर एक बूथ अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों को सुदृढ़ करना है। जिला अध्यक्ष विनोद कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा एनडीए गठबंधन के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा और आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत सुनिश्चित है।
विनोद कुमार कुशवाहा ने नए कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बिहार में फिर से नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनना तय है। इसके लिए जिले के हर गांव तक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अनिवार्य है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सदस्यता अभियान को हर हाल में सफल बनाएं और पार्टी के संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाएं।
बैठक में प्रदेश स्तरीय नेताओं ने संगठन के विस्तार और सदस्यता अभियान में हरसंभव सहयोग देने की बात कही। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने और इसे आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में जितेंद्र कुमार, इंद्रजीत मंडल, हरिकांत महतो, टनटन राम, सूरज मौर्य, विजय यादव, उदय कुमार, रामचंदर महतो, सुशांत कुमार, अभिनंदन कुमार, सार्जन राय, जयप्रकाश भारती, जगदीश महतो, रुदल महतो, डॉ. धर्मेंद्र कुमार, संतोष कुमार और अशोक कुमार जैसे प्रमुख नेता उपस्थित रहे।