परिवार नियोजन के स्थाई और अस्थाई साधन सुरक्षित और प्रभावी, जिले में सघन दंपत्ति संपर्क पखवाड़ा जारी
- Post By Admin on Sep 06 2024
लखीसराय : परिवार नियोजन के स्थाई और अस्थाई दोनों साधन न केवल सुरक्षित हैं, बल्कि बेहद कारगर और प्रभावी भी हैं। इच्छुक और योग्य महिलाएं अपनी सुविधानुसार इनमें से किसी भी साधन को चुन सकती हैं। विशेष रूप से वे महिलाएं, जो स्थाई साधन अपनाने के लिए तैयार हैं, लेकिन शारीरिक रूप से ऑपरेशन के लिए सक्षम नहीं हैं, वे अस्थाई साधन को बिना किसी हिचकिचाहट के अपना सकती हैं। अस्थाई साधन भी स्थाई साधन की तरह ही सुरक्षित और प्रभावी हैं।
सभी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध अस्थाई साधन
जिला अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार भारती ने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों में अस्थाई साधनों की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है। वर्तमान में जिले में सघन दंपत्ति संपर्क पखवाड़ा 2 सितंबर से 14 सितंबर तक चल रहा है, जिसके बाद 17 सितंबर से 30 सितंबर तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा।
डॉ. भारती ने बताया कि सभी स्वास्थ्य एवं वेलनेस केंद्रों पर अंतरा इंजेक्शन की सुविधा उपलब्ध है, जबकि पीएचसी और जिला अस्पताल में स्थाई और अस्थाई दोनों साधन उपलब्ध हैं। योग्य और इच्छुक लाभार्थी अपने नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान पर जाकर इन सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। वहीं, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं द्वारा योग्य लाभार्थियों को जागरूक किया जा रहा है और परिवार नियोजन साधन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
छोटा परिवार, खुशहाल परिवार
परिवार नियोजन को अपनाने से परिवार सीमित रहता है, जिससे बच्चों को अच्छी शिक्षा और परवरिश मिल पाती है। डॉ. भारती ने बताया कि गुणवत्तापूर्ण जीवन जीने के लिए यह पहली नींव है। सरकार भी परिवार नियोजन को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर रही है और जागरूकता फैलाई जा रही है।
स्थाई साधन अपनाने पर मिलती है प्रोत्साहन राशि
परिवार नियोजन के स्थाई साधन अपनाने पर सरकार की ओर से लाभार्थियों को मुफ्त सुविधा के साथ प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है। प्रसव के बाद एक सप्ताह के अंदर स्थाई साधन अपनाने पर 3000 रुपये, उसके बाद अपनाने पर 2000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। पुरुष नसबंदी पर भी 3000 रुपये की प्रोत्साहन राशि का प्रावधान है। वहीं, PPIUCD/PAIUCD लगवाने पर 300 रुपये और अंतरा इंजेक्शन लेने पर 100 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
जानिए, क्या हैं स्थाई और अस्थाई साधन
परिवार नियोजन के दो प्रकार के साधन होते हैं – स्थाई और अस्थाई। स्थाई साधन में महिला बंध्याकरण और पुरुष नसबंदी की सुविधा पीएचसी और जिला स्तर तक उपलब्ध है। अस्थाई साधन में छाया, माला-एन, अंतरा इंजेक्शन, कॉपर-टी और कंडोम शामिल हैं, जिनकी सुविधा स्वास्थ्य उपकेंद्रों तक उपलब्ध है।
इच्छुक लाभार्थी परिवार नियोजन संबंधी जानकारी अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर प्राप्त कर सकते हैं। 17 सितंबर को सभी पीएचसी/सीएचसी और जिला अस्पतालों में आयोजित स्वास्थ्य मेले में भाग लेकर जानकारी ली जा सकती है। साथ ही, हर महीने की 21 तारीख को परिवार नियोजन दिवस आयोजित किया जाता है।