ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते बना सहारा, गुमशुदा किशोर सुरक्षित बरामद

  • Post By Admin on Apr 12 2026
ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते बना सहारा, गुमशुदा किशोर सुरक्षित बरामद

लखीसराय : पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत एक सराहनीय कार्रवाई में किउल रेलवे स्टेशन से एक लापता किशोर को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 अप्रैल 2026 को सुबह लगभग 05:00 बजे सहायक उप निरीक्षक मदन मोहन सिंह अपने स्टाफ के साथ प्लेटफार्म संख्या 3/4 पर गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान हावड़ा दिशा की ओर एक किशोर गुमसुम अवस्था में बैठा हुआ दिखाई दिया। संदेह होने पर उससे पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना नाम अभिनव राज (उम्र 15 वर्ष), पिता अरविंद दास, निवासी साकिब चितौचक बोस बागान, थाना झाझा, जिला जमुई बताया।

किशोर ने बताया कि वह घर से नाराज होकर झाझा से किसी ट्रेन में बैठकर किउल पहुंच गया है। इसके बाद रेलवे पुलिस द्वारा उसे सुरक्षित पोस्ट पर लाया गया और स्टाफ की निगरानी में रखा गया। साथ ही मामले की सूचना बाल कल्याण समिति, लखीसराय को दी गई तथा किशोर द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर के माध्यम से उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया।

दोपहर लगभग 12:00 बजे किशोर के बड़े भाई जय नंदन बौद्ध रेलवे पोस्ट पर पहुंचे और अपने भाई की पहचान की। उन्होंने निरीक्षक प्रभारी के नाम लिखित आवेदन देकर उसे अपने साथ ले जाने की अनुमति मांगी। बाल कल्याण समिति, लखीसराय की उपस्थिति में आवश्यक सत्यापन एवं उचित हिदायत के बाद किशोर को उसके बड़े भाई के सुपुर्द कर दिया गया।

इस कार्रवाई से एक बार फिर ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत रेलवे की सतर्कता और मानवता का उदाहरण देखने को मिला।