इस्लामाबाद वार्ता खत्म, पाकिस्तान ने फिर से संवाद की उम्मीद जताई
- Post By Admin on Apr 12 2026
इस्लामाबाद : पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच आयोजित वार्ता विफल हो गई है। वार्ता के असफल रहने के बावजूद पाकिस्तान ने दोनों देशों के बीच संघर्ष-विराम बनाए रखने और भविष्य में संवाद जारी रहने की उम्मीद जताई है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री एवं उप-प्रधानमंत्री इशाक डार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधियों के बीच यह वार्ता पिछले 24 घंटे से जारी थी, जो आज सुबह समाप्त हो गई। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देश सकारात्मक भावना के साथ आगे बढ़ेंगे और शांति की दिशा में प्रयास जारी रखेंगे।
इशाक डार ने बताया कि उन्होंने, रक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों और सेना प्रमुख सैयद आसिम मुनीर के साथ मिलकर इस वार्ता में मध्यस्थता की भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच कई दौर की गहन और रचनात्मक बातचीत हुई, जिसके लिए पाकिस्तान की मध्यस्थता की सराहना भी की गई।
विदेश मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान क्षेत्र में स्थायी शांति और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी दोनों देशों के बीच संवाद को बढ़ावा देने की भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अगले 10 दिनों के भीतर एक बार फिर से वार्ता की संभावना बन सकती है।
हालांकि, एक ओर जहां पाकिस्तान बातचीत को आगे बढ़ाने पर जोर दे रहा है, वहीं ईरान ने भविष्य में अमेरिका के साथ किसी भी प्रकार की वार्ता से स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया है। ऐसे में क्षेत्रीय शांति को लेकर स्थिति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है।