किउल स्टेशन पर ऑपरेशन अमानत सफल, यात्री का छूटा बैग मिला

  • Post By Admin on Apr 12 2026
किउल स्टेशन पर ऑपरेशन अमानत सफल, यात्री का छूटा बैग मिला

लखीसराय : पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत एक सराहनीय कार्रवाई में ट्रेन में छूटा यात्री का बैग बरामद कर उसे सुरक्षित वापस कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 अप्रैल 2026 को रेल मदद संदर्भ संख्या 2026041202886 के माध्यम से सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 13334 डाउन में एक यात्री का बैग छूट गया है। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात बल ने तत्परता दिखाते हुए शिकायतकर्ता से संपर्क किया। शिकायतकर्ता ने अपना नाम राकेश कुमार बताते हुए कहा कि वे पटना से बाढ़ की यात्रा कर रहे थे और उतरते समय भूलवश अपना काले रंग का बैग ट्रेन में ही छोड़ गए।

बताया गया कि गाड़ी संख्या 13334 डाउन के किउल स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 05 पर सुबह 08:37 बजे पहुंचने पर ड्यूटी में तैनात बल द्वारा इंजन से दूसरे साधारण कोच की जांच कर यात्री का बैग सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इसके बाद इसकी सूचना संबंधित यात्री को दी गई।

लगभग 11:00 बजे राकेश कुमार रेलवे पोस्ट पर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने बैग की पहचान की। आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद बैग को उन्हें सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया। बैग में हेडफोन, चार्जर, नए कपड़े एवं अन्य घरेलू सामान सहित लगभग 8000 रुपए मूल्य की सामग्री थी।

अपना सामान सकुशल वापस मिलने पर यात्री ने रेलवे सुरक्षा बल का आभार व्यक्त किया। यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत रेलवे की तत्परता और जिम्मेदारी का उदाहरण है।