लखीसराय में शराबबंदी पर सख्ती, अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी में कई गिरफ्तार
- Post By Admin on Apr 12 2026
लखीसराय : मद्य निषेध थाना, लखीसराय द्वारा शनिवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध शराब के कारोबार एवं सेवन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा शराब भी बरामद की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किउल स्टेशन क्षेत्र में दिलखुश कुमार (20), निवासी बिशनपुर, पोचेहरा, थाना लोडियाटांड़, जिला मुंगेर को 8 लीटर चुलाई शराब के साथ पकड़ा गया। वहीं बड़हिया रेलवे स्टेशन क्षेत्र में राजीव कुमार, निवासी ईटापुर, वार्ड संख्या 23, थाना बड़हिया को 18 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
तेतरहाट थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कार्तिक तांती, पप्पू साव तथा कैलाश रजक को शराब पीने के आरोप में पकड़ा गया। इसी क्रम में चरोखरा क्षेत्र से श्रीलाल केवट को भी शराब सेवन करते हुए गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा शर्मा मुसहरी क्षेत्र में मनोज पासवान एवं रामफुकर पासवान को शराब पीने के आरोप में पकड़ा गया। बड़हिया थाना क्षेत्र में शंभु यादव, झापो मांझी तथा केशर सिंह को भी शराब सेवन के मामले में गिरफ्तार किया गया।
उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों और सेवन करने वालों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।