एक कॉल और खाते से गायब ₹99,999, मुजफ्फरपुर में साइबर जालसाजों का नया शिकार

  • Post By Admin on Aug 05 2026
एक कॉल और खाते से गायब ₹99,999, मुजफ्फरपुर में साइबर जालसाजों का नया शिकार

मुजफ्फरपुर: जिले में साइबर अपराधियों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। ताजा मामला सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बालूघाट का है, जहां बैंक अधिकारी बनकर फोन करने वाले जालसाजों ने एक युवक के क्रेडिट कार्ड से ₹99,999 की ठगी कर ली। घटना के बाद पीड़ित ने सिकंदरपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पीड़ित आयुष कुमार ने बताया कि उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड से संबंधित जानकारी मांगी। बातचीत के दौरान विश्वास में लेकर उसने कार्ड से जुड़ी आवश्यक जानकारी हासिल कर ली। कुछ ही देर बाद आयुष के मोबाइल पर क्रेडिट कार्ड से ₹99,999 की राशि कटने का संदेश आया। मैसेज देखते ही आयुष के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क कर अपने कार्ड को सुरक्षित कराने का प्रयास किया। इसके बाद वे सिकंदरपुर थाना पहुंचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही साइबर अपराधियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अज्ञात कॉल, संदेश या लिंक पर भरोसा न करें। बैंक कभी भी फोन पर ओटीपी, सीवीवी, कार्ड नंबर, पिन या अन्य गोपनीय जानकारी नहीं मांगता। ऐसे मामलों में तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।