पोषण पखवाड़ा के तहत जागरूकता रैली, पोषण के महत्व पर दिया गया विशेष जोर
- Post By Admin on Apr 16 2026
लखीसराय : बाल विकास परियोजना कार्यालय लखीसराय द्वारा 16 अप्रैल 2026 को पोषण पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पोषण जागरूकता रैली निकालकर लोगों को संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
रैली में आंगनवाड़ी सेविका, आंगनबाड़ी सहायिका, महिला पर्यवेक्षिका, प्रखंड समन्वयक, कार्यपालक सहायक सहित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ने सक्रिय भागीदारी निभाई। रैली के दौरान पोषण से जुड़े विभिन्न स्लोगन और नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक करने का प्रयास किया गया। प्रतिभागियों ने “संतुलित आहार, स्वस्थ जीवन” जैसे संदेशों के जरिए लोगों को पोषण के महत्व को समझाया।
रैली के साथ-साथ परियोजना कार्यालय परिसर में पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान फल, सब्जियों एवं विभिन्न रंगों से आकर्षक सजावट कर पोषण के महत्व और उसके उद्देश्यों को विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि पोषण न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और सामाजिक विकास का भी आधार है।
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ने सभी आंगनबाड़ी सेविकाओं को निर्देशित किया कि पोषण पखवाड़ा की अवधि में प्रतिदिन निर्धारित गतिविधियों का आयोजन करें और उसकी जानकारी विभागीय डैशबोर्ड पर नियमित रूप से अपलोड करें। साथ ही, समुदाय, गांव और पंचायत स्तर पर अधिक से अधिक लोगों तक पोषण संबंधी जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया।
इस आयोजन से जिले में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल देखने को मिली है।