सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर लखीसराय में जश्न, समर्थकों ने बांटी मिठाइयां
- Post By Admin on Apr 16 2026
लखीसराय : जिले के बिछबे, चानन, कियूल क्षेत्र में 16 अप्रैल 2026 को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन के नेता सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने की खुशी में भव्य जश्न मनाया गया। इस अवसर पर समर्थकों ने अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को बधाई दी और मिठाइयों का वितरण कर खुशी का इजहार किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व रणजीत कुमार सिंह ने किया, जबकि आयोजन को सफल बनाने में दयानंद महतो ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और समर्थकों की उपस्थिति रही, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में पर्यावरणविद एवं समाजसेवी राम बिलास शाण्डिल्य ने सम्राट चौधरी के राजनीतिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे वर्ष 2010 में खगड़िया के परबत्ता विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक बने थे और अब मुख्यमंत्री पद तक पहुंचकर उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। उन्होंने उन्हें कर्मठ और ईमानदार नेता बताते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से सम्राट चौधरी राज्य में विकास की गति को और तेज करेंगे। साथ ही, उन्होंने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन के इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि 15 मई 1998 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा इस गठबंधन का गठन किया गया था, जिसने देश और राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने विश्वास जताया कि वर्तमान सरकार के नेतृत्व में बिहार तेजी से विकसित राज्य की ओर अग्रसर होगा। इस अवसर पर रणजीत कुमार सिंह, दयानंद महतो, मुनीलाल महतो, राम बिलास शाण्डिल्य, जय प्रकाश शर्मा, वकील मंडल, विक्रम ठाकुर, राजेन्द्र रजक, सागर महतो, शिक्षक अरविंद कुमार, चन्द्रदेव महतो, रतन महतो, सदानंद महतो, दिलीप महतो, बादल महतो एवं प्रेम प्रकाश महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।