न्याय के मंदिर वाले परिसर से नोटरी पदाधिकारी का मोबाईल चोरी, अधिवक्ताओं में आक्रोश
- Post By Admin on Mar 07 2026
लखीसराय: जिला विधिज्ञ संघ, लखीसराय परिसर में चोरी की घटनाओं से अधिवक्ताओं में चिंता और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ताजा मामले में लेख्य प्रमाणक अधिकारी (नोटरी पदाधिकारी) विधान चंद्र सिंह का मोबाइल फोन संघ परिसर से चोरी हो गया। इस घटना के बाद अधिवक्ताओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, विधान चंद्र सिंह का मोबाइल फोन जिला विधिज्ञ संघ परिसर से अचानक गायब हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी मोबाइल का कोई सुराग नहीं मिल सका, जिसके बाद उन्होंने कवैया थाना, लखीसराय में आवेदन देकर मामला दर्ज कराने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि इससे कुछ दिन पहले ही अधिवक्ता रंजीत कुमार का मोबाइल फोन भी संघ परिसर से चोरी हो गया था। हालांकि अब तक पुलिस उस मामले में भी मोबाइल बरामद नहीं कर पाई है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से अधिवक्ताओं में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। अधिवक्ताओं का कहना है कि संघ भवन में लगे सीसीटीवी कैमरों का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है, जिससे चोरी जैसी घटनाओं की पहचान और रोकथाम में कठिनाई हो रही है। उनका आरोप है कि यदि कैमरे सही तरीके से संचालित होते तो ऐसी घटनाओं का खुलासा आसानी से किया जा सकता था।
इस मामले को लेकर अधिवक्ताओं ने जिला विधिज्ञ संघ के चुनाव अधिकारी से भी मांग की है कि संघ भवन में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को अविलंब चालू कराया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
रिपोर्ट: वीरेंद्र विजय सिंह