पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया गया प्रशिक्षण
- Post By Admin on Mar 07 2026
लखीसराय: भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के तहत रामगढ़ चौक पश्चिम मंडल का प्रशिक्षण कार्यक्रम औरे ग्राम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, जिला प्रभारी संजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और जनसेवा के प्रति समर्पण को और अधिक सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रशिक्षण महा अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में कुल सात विषयों पर वर्ग संचालित किए गए। इनमें सोशल मीडिया की भूमिका, भारतीय जनता पार्टी का इतिहास, वैचारिक अधिष्ठान, संगठन की कार्य पद्धति, कार्य विस्तार की दृष्टि, बूथ प्रबंधन तथा सरकार की उपलब्धियां और उनके क्रियान्वयन जैसे विषय शामिल रहे।
इन विषयों पर प्रशिक्षकों के रूप में आलोक राज, हिमांशु पटेल, प्रोफेसर मनोरंजन कुमार, मणिकांत सिंह, प्रोफेसर वाल्मीकि शाह, नवीन कुमार सिंह, जिला प्रभारी संजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष संजय कुमार तथा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष आशा पासवान ने कार्यकर्ताओं को विस्तृत जानकारी और मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान संगठन की नीतियों, विचारों और कार्यशैली को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में मंडल कार्यसमिति के सभी सदस्य, विभिन्न मोर्चों के मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।