नेपाल में भूस्खलन और बाढ़ से बिहार की बढ़ी चिंता, गंडक के जलस्तर को लेकर हाई अलर्ट

  • Post By Admin on Aug 26 2026
नेपाल में भूस्खलन और बाढ़ से बिहार की बढ़ी चिंता, गंडक के जलस्तर को लेकर हाई अलर्ट

पटना : नेपाल में अचानक आई बाढ़ ने बिहार में भी चिंता बढ़ा दी है। नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में तेज बारिश और भूस्खलन के बाद नदियों में पानी का दबाव बढ़ गया है। इसका असर गंडक नदी पर पड़ने की आशंका को देखते हुए बिहार सरकार ने कई जिलों में प्रशासनिक सतर्कता बढ़ा दी है। गंडक में अचानक जलप्रवाह बढ़ने के साथ करीब तीन मीटर ऊंची फ्लैश फ्लड वेव आने की संभावना जताई गई है।

संभावित खतरे को देखते हुए पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली के प्रशासन को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। नदी के आसपास रहने वाले लोगों को स्थिति पर नजर रखने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

नेपाल में भूस्खलन के बाद बढ़ा जलस्तर

बगहा पुलिस की ओर से जारी सूचना के अनुसार नेपाल की त्रिशूली नदी में भूस्खलन के बाद पानी का स्तर तेजी से बढ़ा है। इससे गंडक में अचानक पानी आने की आशंका है। बगहा के पुलिस अधिकारियों को निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को लाउडस्पीकर के माध्यम से सतर्क करने का निर्देश दिया गया है। ऐसे हालात में सबसे ज्यादा चिंता नदी किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों को लेकर है। प्रशासन को समय रहते संवेदनशील आबादी की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।

मुख्य सचिव ने लिया तैयारियों का जायजा

संभावित बाढ़ की स्थिति को लेकर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बुधवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में संबंधित जिलों के डीएम और वरीय पुलिस अधिकारी शामिल हुए। बैठक में नदी की स्थिति से लेकर राहत और बचाव की तैयारियों तक की समीक्षा की गई।

अधिकारियों को तटबंधों, पुल-पुलियों, निचले क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सीतामढ़ी और शिवहर जैसे जिलों में भी स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है। जल संसाधन विभाग को गंडक बैराज के गेट और नहरों के संचालन पर विशेष नजर रखने को कहा गया है। विभागीय अधिकारियों को तटबंधों की स्थिति की लगातार जांच करने तथा किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

NDRF की टीमें रहेंगी तैयार

आपात स्थिति से निपटने के लिए NDRF और SDRF के संसाधनों को भी तैयार किया जा रहा है। गोपालगंज के लिए NDRF की टीम भेजने, जबकि मुजफ्फरपुर में एक टीम को स्टैंडबाय रखने की व्यवस्था की जा रही है। बेतिया में भी NDRF की तैनाती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जरूरत पड़ने पर SSB की QRT से भी सहायता ली जाएगी।प्रशासन को संभावित प्रभावित इलाकों के लिए निकासी योजना तैयार रखने को कहा गया है। लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए नावों की उपलब्धता, राहत शिविर और सामुदायिक रसोई की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

घबराने की जरूरत नहीं, सावधानी जरूरी

नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद बिहार में एहतियात के तौर पर तैयारियां तेज की गई हैं। सरकार ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। खासकर नदी और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से प्रशासनिक निर्देशों को गंभीरता से लेने और अफवाहों से बचने को कहा गया है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता जलस्तर पर लगातार नजर रखने, संवेदनशील आबादी को समय पर चेतावनी देने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत-बचाव अभियान शुरू करने की है।