स्काउट-गाइड प्रशिक्षण के समापन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, छात्रों ने बिखेरा प्रतिभा का रंग
- Post By Admin on Mar 11 2026
मुजफ्फरपुर : आदर्श राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बी.एम.पी. कम्पाउंड, नगर क्षेत्र मुसहरी में बुधवार को भारत स्काउट-गाइड के पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया गया। समारोह के अवसर पर छात्रों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसकी उपस्थित अतिथियों ने सराहना की।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह विद्यालय अवर निरीक्षक, नगर क्षेत्र मुसहरी मंजू कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार ने स्काउट-गाइड प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कार्यक्रम बच्चों में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पांच दिवसीय प्रशिक्षण का संचालन जिला स्काउट प्रशिक्षक धर्मेंद्र कुमार के निर्देशन में किया गया। समापन समारोह में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति और ऐतिहासिक विषयों की झलक पेश की।
मुख्य अतिथि मंजू कुमारी ने छात्रों की प्रस्तुतियों और विद्यालय की पहल की सराहना करते हुए प्रधानाध्यापक एवं पूरे विद्यालय परिवार की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से बच्चों में सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है और उनके सर्वांगीण विकास में मदद मिलती है।
कार्यक्रम का संचालन नगर शिक्षक अमित कुमार ने किया। इस अवसर पर एकरामुल हक, सरला श्रीवास, सामाजिक-सांस्कृतिक शोध संस्थान के संयोजक सुनील कुमार (कठपुतली कलाकार), अनिल कुमार ठाकुर सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।