लखीसराय व्यवहार न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, हजारों मामलों का हुआ निपटारा

  • Post By Admin on Mar 14 2026
लखीसराय व्यवहार न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, हजारों मामलों का हुआ निपटारा

लखीसराय : व्यवहार न्यायालय लखीसराय के परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष डीएलएसए श्री अजय कुमार शर्मा ने किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश कुमार मिश्र सहित न्यायालय के कई न्यायिक पदाधिकारी और अधिवक्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय श्री पवन कुमार झा, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय श्री राजीव कुमार मिश्रा, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पंचम श्री राजन कुमार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री विद्यानंद सागर समेत कई न्यायिक पदाधिकारी मौजूद थे। उद्घाटन के मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा ने कहा कि यह वर्ष की पहली राष्ट्रीय लोक अदालत है और अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ उठाते हुए अपने लंबित मामलों का निष्पादन कराना चाहिए।

जिला पदाधिकारी मिथिलेश कुमार मिश्र ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत विवादों के त्वरित, सरल और सौहार्दपूर्ण निपटारे का सशक्त मंच है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे इस व्यवस्था का अधिकाधिक लाभ उठाएं।

राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए कुल 13 बेंचों का गठन किया गया। इनमें बेंच संख्या-01 की अध्यक्षता प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय पवन कुमार झा, बेंच संख्या-02 की अध्यक्षता अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय राजीव कुमार मिश्रा तथा बेंच संख्या-03 की अध्यक्षता अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पंचम राजन कुमार ने की। बेंच संख्या-04 का नेतृत्व अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्री रंजीत कुमार सोनी ने किया। अन्य बेंचों का भी गठन कर विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई।

लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन के कुल 1299 मामलों तथा नियमित वादों के 529 मामलों का निष्पादन किया गया। इसके साथ ही बैंक ऋण वसूली से संबंधित मामलों में लगभग एक करोड़ चौवालीस लाख अड़सठ हजार नौ सौ इकतालीस रुपए की वसूली की गई।

इसके अतिरिक्त रेलवे न्यायालय में भी एक बेंच का गठन किया गया, जिसकी अध्यक्षता रेलवे अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री कुंदन कुमार गुप्ता ने की। इस बेंच के माध्यम से कुल 706 मामलों का निपटारा किया गया।