बिहार में महिला जॉब फेयर का आयोजन, 2000 से अधिक पदों पर मिलेगा रोजगार
- Post By Admin on Mar 14 2026
पटना : राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बिहार सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। बिहार सरकार का सूचना एवं जन-संपर्क विभाग द्वारा आयोजित ‘महिला जॉब फेयर–2026’ के माध्यम से राज्य की 10वीं पास से लेकर स्नातक तक की महिलाओं को देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार का अवसर मिलेगा। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को कॉर्पोरेट क्षेत्र से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
50 से अधिक कंपनियां लेंगी भाग
इस रोजगार मेले में 50 से अधिक राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियां भाग लेंगी। कौशल विकास प्रशिक्षण योजना के तहत प्रशिक्षित महिलाओं के लिए यह मंच विशेष रूप से लाभदायक साबित होगा। मेले में कुल 2000 से अधिक रिक्त पद उपलब्ध हैं, जिन पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन सीधे साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा।
सफल अभ्यर्थियों को तुरंत मिलेगा नियुक्ति पत्र
सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए जॉब फेयर में पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क रखा है। अभ्यर्थियों का मौके पर ही साक्षात्कार लिया जाएगा और चयनित महिलाओं को उसी समय नियुक्ति पत्र सौंप दिया जाएगा।
18 से 35 वर्ष की महिलाएं कर सकती हैं आवेदन
18 से 35 वर्ष आयु वर्ग की वे महिलाएं, जिन्होंने 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई या किसी तकनीकी पाठ्यक्रम की पढ़ाई की है, इस रोजगार मेले में भाग लेने के लिए पात्र होंगी। अभ्यर्थियों को अपने साथ आधार कार्ड, बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति तथा पासपोर्ट आकार की तस्वीर लानी होगी।
सरकार का मानना है कि इस पहल से न केवल महिलाओं के आत्मविश्वास में वृद्धि होगी, बल्कि राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास में उनकी भागीदारी भी मजबूत होगी। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए Information and Public Relations Department Bihar के आधिकारिक सोशल मीडिया मंचों को देख सकते हैं।