मुजफ्फरपुर में जाम बना कारोबार और सुरक्षा के लिए चुनौती, AIMRA ने ट्रैफिक सुधार के लिए उठाई आवाज
- Post By Admin on Aug 29 2026
मुजफ्फरपुर : शहर के नकुलवा चौक स्थित मां बगलामुखी मंदिर के पास लगातार लग रहे भीषण जाम और बीते 28 अगस्त को जाम के दौरान हुई मारपीट की घटना को लेकर ऑल इंडिया मोबाइल रिटेल एसोसिएशन (AIMRA) ने ट्रैफिक प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। संगठन के बिहार उपाध्यक्ष एवं मुजफ्फरपुर जिलाध्यक्ष मोहम्मद दिलशाद ने डीएसपी ट्रैफिक को पत्र भेजकर नकुलवा चौक की यातायात व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि नकुलवा चौक की चारमुहानी पर प्रतिदिन वाहनों का लंबा जाम लगता है। कई बार स्थिति ऐसी हो जाती है कि एक से दो घंटे तक वाहनों की कतार लगी रहती है। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारी, महिलाएं, बुजुर्ग, छात्र-छात्राएं और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शिकायत के अनुसार 28 अगस्त को भी नकुलवा चौक पर भीषण जाम लगा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार ने कथित तौर पर एक कार चालक को कार से बाहर निकालकर उसके साथ मारपीट की। संगठन ने इस घटना को जाम से उत्पन्न तनाव का परिणाम बताते हुए कहा कि यातायात व्यवस्था की समस्या अब केवल असुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी चिंता का विषय बनती जा रही है।
एसोसिएशन द्वारा कहा गया कि लगातार जाम का असर नकुलवा चौक के स्थानीय कारोबार पर भी पड़ रहा है। जाम में फंसने के कारण ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पाते हैं और कई बार जाम देखकर वापस लौट जाते हैं। इससे क्षेत्र के व्यापारियों को प्रतिदिन आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। संगठन के अनुसार नकुलवा चौक के आसपास सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और अव्यवस्थित यातायात के कारण सड़क की क्षमता प्रभावित हो रही है। थोड़े से ट्रैफिक दबाव में ही पूरा चौक जाम की चपेट में आ जाता है।
मोहम्मद दिलशाद ने ट्रैफिक प्रशासन से नकुलवा चौक पर नियमित रूप से ट्रैफिक पुलिस की तैनाती करने, अवैध पार्किंग और सड़क बाधित करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने तथा सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित विभाग के माध्यम से कार्रवाई कराने की मांग की है। साथ ही 28 अगस्त को हुई मारपीट की घटना को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की अपील की गई है। संगठन ने कहा कि नकुलवा चौक की यातायात व्यवस्था में तत्काल सुधार जनहित के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों के हित में भी जरूरी है। ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू होने से आम लोगों को राहत मिलने के साथ क्षेत्र के कारोबार पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।