मेजर ध्यानचंद की जयंती पर सूर्यगढ़ा में श्रद्धांजलि, विद्यार्थियों को बताया खेल का महत्व
- Post By Admin on Aug 29 2026
लखीसराय : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सूर्यगढ़ा नगर परिषद क्षेत्र स्थित प्लस टू परियोजना बालिका उच्च विद्यालय में शनिवार को हॉकी के जादूगर पद्मभूषण मेजर ध्यानचंद को याद किया गया। विद्यालय परिसर में मेजर ध्यानचंद के तैलचित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार सिंह ने मेजर ध्यानचंद के जीवन और खेल उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हॉकी और ध्यानचंद एक-दूसरे के पर्याय बन चुके हैं। देश को उनकी उपलब्धियों पर गर्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान शारीरिक शिक्षक राजीव सर, प्रेमरंजन कुमार, रवि कुमार रवि और फौजिया सुल्तान ने भी विद्यार्थियों को मेजर ध्यानचंद की खेल भावना और हॉकी के प्रति उनके समर्पण से परिचित कराया। वक्ताओं ने कहा कि हॉकी के खेल पर मेजर ध्यानचंद का शानदार नियंत्रण था और उनकी खेल प्रतिभा ने उन्हें विश्व स्तर पर अलग पहचान दिलाई। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को खेलों के महत्व और मेजर ध्यानचंद के योगदान के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।