नेशनल स्पोर्ट्स डे पर आरडीएस कॉलेज में विशेष पहल, विद्यार्थियों के लिए ‘एक घंटा खेल के मैदान में’
- Post By Admin on Aug 29 2026
मुजफ्फरपुर : हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की स्मृति में मनाए जा रहे नेशनल स्पोर्ट्स डे 2026 के तहत रामदयालु सिंह महाविद्यालय के खेल प्रांगण में 31 अगस्त को ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 9 बजे से 10 बजे तक चलेगा, जिसमें कॉलेज के सभी छात्र-छात्राओं की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
भारत सरकार के खेल मंत्रालय की ओर से खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नेशनल स्पोर्ट्स डे 2026 के अंतर्गत राष्ट्रव्यापी ‘फिट इंडिया: खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ अभियान शुरू किया गया है। इसी अभियान के तहत आरडीएस कॉलेज में भी विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
कॉलेज के स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. नीरज कुमार मिश्र ने बताया कि 31 अगस्त को सुबह 9 बजे से 10 बजे तक कॉलेज के खेल प्रांगण में ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ कार्यक्रम होगा। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से निर्धारित समय पर कार्यक्रम में उपस्थित होने की अपील की है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नियमित शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना है। कॉलेज प्रशासन की ओर से कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं।