मुजफ्फरपुर जंक्शन मंदिर पुनर्निर्माण के लिए शुरू हुई '9 धाम संकल्प यात्रा', जत्था रवाना
- Post By Admin on Aug 28 2026
मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर जंक्शन परिसर में रेलवे प्रशासन द्वारा तोड़े गए मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन ने अब व्यापक रूप ले लिया है। पूर्णिमा के अवसर पर चौमुख गांव के श्रद्धालुओं का एक जत्था '9 धाम संकल्प यात्रा' पर रवाना हुआ। यह यात्रा सुल्तानगंज धाम, देवघर धाम, बासुकीनाथ धाम, तारापीठ धाम, कलकत्ता दक्षिणेश्वरी काली धाम, गंगासागर धाम, तपोवन धाम, त्रिकूट पर्वत धाम और राजगीर धाम तक जाएगी।
यात्रा की शुरुआत से पूर्व खबड़ा मंदिर प्रांगण में मुजफ्फरपुर जंक्शन मंदिर पुनर्निर्माण आंदोलनकारियों के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की गई और संकल्प लिया गया। इस अवसर पर आंदोलनकारियों द्वारा यात्रा के संचालकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया और बिहार से बाहर 9 धामों तक इस मांग को ले जाने के प्रयास के लिए साधुवाद दिया गया।
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के सक्रिय आंदोलनकारी अनिल कुमार ने बताया कि यह आंदोलन अब जनआंदोलन का रूप ले रहा है। उन्होंने कहा कि सावन माह में एक भक्त रवि कुमार द्वारा शुरू किया गया प्रयास अब पूरे चौमुख गांव और मुजफ्फरपुर के हिंदू समाज का साझा अभियान बन चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रयास अयोध्या के राम मंदिर आंदोलन की तर्ज पर बड़ा रूप लेगा और रेलवे प्रशासन को जनभावनाओं के आगे झुकना पड़ेगा।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अनिल कुमार, अजय गर्ग, विश्व सनातन सेना के प्रकाश गुप्ता, हिंदू पुत्र के ऋषभ ठाकुर, प्रकाश कुमार उर्फ बच्चों, सुधांशु गुप्ता, बबलू गुप्ता, शोभा देवी, दशरथ शाह, राम इकबाल शाह, अमरनाथ शाह और अनिल कुमार अनल सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।