होम ब्रॉडबैंड और 5G वायरलेस में रिलायंस जियो का दबदबा, एयरटेल को छोड़ा पीछे
- Post By Admin on Aug 28 2026
नई दिल्ली : देश के हाई-स्पीड इंटरनेट बाजार में रिलायंस जियो ने अपनी बढ़त को और मजबूत कर लिया है। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) द्वारा जारी जुलाई के आंकड़ों के अनुसार, 5G आधारित वायरलेस ब्रॉडबैंड सेवा में जियो की बाजार हिस्सेदारी 70 प्रतिशत के आंकड़े को पार कर गई है। इस श्रेणी में कंपनी के ग्राहकों की संख्या 92.7 लाख पहुंच चुकी है।
ट्राई की रिपोर्ट के मुताबिक, फिक्स्ड वायरलाइन ब्रॉडबैंड सेगमेंट में भी जियो शीर्ष पायदान पर काबिज है। जुलाई के अंत तक इस क्षेत्र में जियो के ग्राहकों की संख्या 1.47 करोड़ दर्ज की गई, जबकि मुख्य प्रतिद्वंद्वी एयरटेल 1.13 करोड़ ग्राहकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
भौगोलिक रूप से कठिन इलाकों में तेज इंटरनेट सेवाएं देने वाली 5G फिक्स्ड वायरलेस तकनीक में जियो ने अकेले जुलाई महीने में 1.56 लाख नए ग्राहक जोड़े। इसके अलावा जियो यूबीआर तकनीक के जरिए जुड़े 51.38 लाख ग्राहकों को मिलाकर कंपनी का कुल फिक्स्ड वायरलेस यूजर बेस 1.44 करोड़ के करीब पहुंच गया है। सैल्यूलर मोबाइल नेटवर्क सेगमेंट में भी जियो ने 50.6 करोड़ से अधिक कनेक्शनों के साथ अपना पहला स्थान बरकरार रखा है। जुलाई अंत तक मोबाइल बाजार में जियो की हिस्सेदारी 39.29 प्रतिशत और एयरटेल की हिस्सेदारी 38.01 प्रतिशत दर्ज की गई।
नवीनतम आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि जियो की बाजार में बढ़त अब केवल मोबाइल नेटवर्क तक सीमित न रहकर होम ब्रॉडबैंड, वायरलाइन और 5G वायरलेस जैसे सभी प्रमुख इंटरनेट मोर्चों पर मजबूती से कायम है।