अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत मॉक ड्रिल, ग्रामीणों को दी गई आग से बचाव की जानकारी
- Post By Admin on Apr 18 2026
लखीसराय : बिहार अग्निशमन सेवा, लखीसराय द्वारा ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ (14 से 20 अप्रैल 2026) के अवसर पर शनिवार को पांचवें दिन व्यापक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी विनीता लता के नेतृत्व में टीम ने पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं स्वयं सहायता समूहों के साथ मिलकर ग्रामीणों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान विशेष गोष्ठी और मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों को आग लगने की स्थिति में बचाव और अग्निशमन के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। वर्तमान अग्नि प्रवण मौसम को देखते हुए ‘क्या करें और क्या न करें’ से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई।
अग्निशमन विभाग ने ग्रामीणों को कई जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी। इसमें तेज हवा चलने से पहले भोजन तैयार कर लेने और चूल्हे की आग को पूरी तरह बुझाने, घर से बाहर निकलते समय बिजली का मुख्य स्विच बंद करने, बीड़ी-सिगरेट को इधर-उधर न फेंकने तथा गांव में जल और बालू का भंडारण रखने जैसे उपाय शामिल हैं, ताकि आपात स्थिति में आग पर तुरंत काबू पाया जा सके।
अधिकारियों ने शॉर्ट सर्किट, गैस सिलेंडर, थ्रेसर, चूल्हे और खेत-खलिहान में लगने वाली आग से बचाव के उपायों की भी विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लोगों के बीच अग्नि सुरक्षा से संबंधित पम्फलेट वितरित किए गए।
अनुमंडल अग्निशमन कार्यालय, लखीसराय ने अपील की है कि किसी भी अग्निकांड की स्थिति में तुरंत 101 या 112 नंबर पर सूचना दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।