विश्व लिवर दिवस : बदलती जीवनशैली से बढ़ रहा खतरा, समय रहते जागरूकता जरूरी
- Post By Admin on Apr 18 2026
लखीसराय : हर वर्ष 19 अप्रैल को विश्व लिवर दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को लिवर से जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूक करना और इसके स्वास्थ्य के महत्व को समझाना है। हालांकि, इस महत्वपूर्ण दिन पर व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों की कमी चिंता का विषय बनी हुई है।
सदर अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. निशांत निराला ने बताया कि लिवर शरीर का एक अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है, जो शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने और पाचन क्रिया को सुचारु रखने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि लिवर से जुड़ी बीमारियां लंबे समय तक बिना स्पष्ट लक्षण के बढ़ती रहती हैं, जो सबसे बड़ी चुनौती है। जब तक इसके लक्षण सामने आते हैं, तब तक कई मामलों में स्थिति गंभीर हो चुकी होती है।
डॉ. निराला के अनुसार अनियमित जीवनशैली, असंतुलित खानपान, शराब का सेवन और जंक फूड की अधिकता लिवर को गंभीर रूप से प्रभावित कर रही है। समय पर ध्यान न देने पर फैटी लिवर, सूजन और अन्य जटिल बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
उन्होंने बताया कि मेटाबोलिक डिसफंक्शन-एसोसिएटेड स्टीटोटिक लिवर डिजीज (पूर्व में नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज) तेजी से बढ़ने वाली बीमारी है, जो मोटापा, डायबिटीज और उच्च कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याओं से जुड़ी है। इससे लिवर में वसा जमा होने लगती है। यह बीमारी वर्तमान में दुनिया की 30 प्रतिशत से अधिक आबादी को प्रभावित कर रही है और आशंका है कि वर्ष 2050 तक 180 करोड़ से अधिक लोग इससे प्रभावित हो सकते हैं।
लक्षण और बचाव
आमतौर पर इस बीमारी का पता अन्य जांचों के दौरान चलता है। इसके प्रमुख लक्षणों में अत्यधिक थकान, अस्वस्थता और पेट में दर्द शामिल हैं।
स्वस्थ जीवनशैली से बचाव संभव
डॉ. निराला ने बताया कि जीवनशैली में सुधार और संतुलित आहार अपनाकर लिवर को स्वस्थ रखा जा सकता है।
- हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक, मेथी, सरसों और ब्रोकली लिवर को डिटॉक्स करने में सहायक हैं।
- लहसुन में मौजूद तत्व लिवर एंजाइम्स को सक्रिय कर शरीर की सफाई प्रक्रिया को बेहतर बनाते हैं।
- नींबू विटामिन सी से भरपूर होता है, जो लिवर की सफाई और वसा कम करने में मदद करता है।
- हल्दी में पाए जाने वाले गुण सूजन कम करने और लिवर कोशिकाओं की मरम्मत में सहायक होते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर लिवर से जुड़ी गंभीर बीमारियों से काफी हद तक बचा जा सकता है।