गैस आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, जमाखोरों के खिलाफ धावा दल गठित

  • Post By Admin on Apr 18 2026
गैस आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, जमाखोरों के खिलाफ धावा दल गठित

लखीसराय : खाड़ी देशों में जारी युद्ध के बीच एलपीजी आपूर्ति को लेकर संभावित प्रभाव को देखते हुए लखीसराय जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन कालाबाजारी और जमाखोरी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन ने इस दिशा में कड़ा कदम उठाते हुए प्रखंड स्तर पर अधिकारियों और पुलिस की संयुक्त ‘धावा दल’ टीम का गठन किया है। यह टीम नियमित छापेमारी कर गैस की जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जिले की 16 गैस एजेंसियों के पास वर्तमान में 3423 सिलेंडर उपलब्ध हैं। आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला समाहरणालय में विशेष कंट्रोल रूम (06346-232952) की स्थापना की गई है, जहां आम नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिले के दो पेट्रोल पंपों की जांच भी की गई, ताकि ईंधन की कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।

बड़हिया एवं लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र में पाइप गैस (पीएनजी) को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। समीक्षा के दौरान पाया गया कि लगभग 2700 उपभोक्ता कनेक्शन लेने के लिए तैयार हैं, जिनके लिए प्रतिदिन 20 से 25 कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि पीएनजी कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।

प्रवासी मजदूरों की सुविधा के लिए 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर (एफटीएल) की व्यवस्था की गई है। आम उपभोक्ताओं के लिए यह नियम तय किया गया है कि वे पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के कम से कम 25 दिनों बाद ही अगली बुकिंग कर सकेंगे। साथ ही, बुकिंग के 72 घंटे के भीतर गैस की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, घबराएं नहीं और गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ लगाने से बचें।