बिहार के चार शहरों में मेट्रो परियोजना अधर में, कैबिनेट की मंजूरी के दो साल बाद भी काम शुरू नहीं

  • Post By Admin on Jul 15 2026
बिहार के चार शहरों में मेट्रो परियोजना अधर में, कैबिनेट की मंजूरी के दो साल बाद भी काम शुरू नहीं

पटना : बिहार के चार प्रमुख शहरों—मुजफ्फरपुर, भागलपुर, गयाजी और दरभंगा में प्रस्तावित मेट्रो रेल परियोजना अब भी कागजों तक सीमित है। जून 2024 में राज्य मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने के बावजूद करीब दो वर्ष बाद भी परियोजना का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इससे इन शहरों में मेट्रो सेवा शुरू होने की उम्मीदें फिलहाल अधर में नजर आ रही हैं।

राज्य सरकार ने परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए राइट्स (RITES) को सर्वेक्षण और व्यवहार्यता (फिजिबिलिटी) रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी थी। जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से सुझाव लेने के बाद राइट्स ने 16 फरवरी 2025 को अपनी रिपोर्ट नगर विकास एवं आवास विभाग को सौंप दी थी। रिपोर्ट में चारों शहरों के लिए संभावित मेट्रो रूट भी प्रस्तावित किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, सर्वे और फिजिबिलिटी रिपोर्ट के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जानी है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी है। डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया कब शुरू होगी, इसे लेकर नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

परियोजना में लगातार हो रही देरी के कारण चारों शहरों के लोगों में निराशा है। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण और यातायात के दबाव को देखते हुए इन शहरों में मेट्रो जैसी आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की आवश्यकता है। फिलहाल मुजफ्फरपुर, भागलपुर, गया और दरभंगा में मेट्रो परियोजना का निर्माण कार्य शुरू होने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं, जिससे परियोजना की प्रगति पर सवाल उठने लगे हैं।

✍️निमिषा