पति बना हैवान, नवविवाहिता की हत्या कर कमरे में छिपाया शव

  • Post By Admin on Jul 15 2026
पति बना हैवान, नवविवाहिता की हत्या कर कमरे में छिपाया शव

सिद्धार्थनगर : उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां शादी के महज डेढ़ महीने बाद एक नवविवाहिता की कथित तौर पर उसके पति ने हत्या कर दी और शव को घर के एक कमरे में दफना दिया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब आरोपी ने स्वयं फोन कर मृतका के परिजनों को वारदात की जानकारी दी।

मृतका की पहचान संतकबीरनगर जिले के दसहवा गांव निवासी महिला के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, आरोपी पति ने फोन कर बताया कि उसने उनकी बेटी की हत्या कर शव को घर में दफना दिया है। सूचना मिलते ही परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में घर के कमरे की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि विवाह के कुछ दिनों बाद से ही उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि दहेज के लिए ही उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

✍️सोनाली