युवाओं को तनावमुक्त जीवन का संदेश, वेलबीइंग पर बैठक आयोजित
- Post By Admin on Apr 05 2026
मुजफ्फरपुर : जिले के मालीघाट स्थित सरला श्रीवास सामाजिक सांस्कृतिक शोध संस्थान में रविवार को युवाओं की खुशहाली और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्थान के संयोजक एवं कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने की। इस दौरान युवाओं में सकारात्मक सोच, मानसिक संतुलन और जीवन में खुशहाली बनाए रखने के विभिन्न उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सुनील कुमार ने कहा कि जीवन में खुशियों को बनाए रखना, कठिन परिस्थितियों में साहस के साथ आगे बढ़ना और तनाव व निराशा से दूर रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे के साथ सहयोग और प्रेरणा साझा करने से युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और यह एहसास होता है कि वे अकेले नहीं हैं।
अनिल कुमार ने युवाओं से संतुलित जीवनशैली अपनाने की अपील करते हुए कहा कि नियमित और संतुलित आहार, पर्याप्त नींद तथा अपनी रुचि के कार्यों में समय बिताने से मानसिक संतुलन और संतोष मिलता है। वहीं अमन चिल्ड्रेन स्कूल की प्राचार्य बबिता ठाकुर ने कहा कि प्रतिदिन कुछ मिनट ध्यान करने से मन शांत रहता है और तनाव कम होता है। साथ ही अपनी भावनाओं और विचारों को भरोसेमंद मित्रों या परिवार के सदस्यों के साथ साझा करने से मन हल्का होता है और समस्याओं को समझने में मदद मिलती है।
सोनू सरकार ने कहा कि जीवन में मौजूद अच्छी चीजों के प्रति आभार व्यक्त करने से सकारात्मकता बढ़ती है और खुशहाली का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाकर और अपनी क्षमताओं को पहचानकर व्यक्ति अपने साथ-साथ समाज और देश के कल्याण में भी योगदान दे सकता है।
इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र के चंदन कुमार, सरला श्रीवास युवा मंडल के सचिव गोलू कुमार, कोषाध्यक्ष आदित्य राज ठाकुर, परफेक्ट सोल्यूशन सोसाइटी के अनिल कुमार तथा अमन चिल्ड्रेन स्कूल की प्राचार्य बबिता ठाकुर समेत कई लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सरला श्रीवास युवा मंडल की अध्यक्ष सुमन कुमारी ने वेलबीइंग इंडिया फाउंडेशन के विनोद कुमार, आशुतोष कुमार और प्रतिभा कुमारी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इनके सहयोग से बिहार दिवस के अवसर पर पटना के गांधी मैदान में नुक्कड़ नाटक और कठपुतली के माध्यम से वेलबीइंग का संदेश प्रस्तुत करने का अवसर मिला।